पालमपुर विधायक आशीष बुटेल ने रविवार को कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के सभागार में विकासखंड पालमपुर के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंचायतवार विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित विकास कार्यों को अगले दो माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय पर पूरे हों कार्य
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पंचायत तक विकास योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
बारिश से क्षतिग्रस्त डंगों के पुनर्निर्माण के निर्देश
हाल ही में हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त डंगों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का उल्लेख करते हुए विधायक ने पंचायत प्रधानों से कहा कि वे प्राथमिकता के आधार पर नए डंगों के निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर संबंधित विभाग को भेजें। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
'बी-राम (जी)' प्रणाली का दिया गया प्रशिक्षण
बैठक के तकनीकी सत्र में खंड विकास अधिकारी राजेश्वर भाटिया ने पंचायत प्रतिनिधियों को 'बी-राम (जी)' सॉफ्टवेयर के संचालन और उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। वहीं पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया ने 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों तथा पंचायत निधियों के पारदर्शी उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
नेटवर्क समस्या और ऑनलाइन हाजिरी का मुद्दा उठा
बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं को भी रखा। कई पंचायतों ने कमजोर नेटवर्क के कारण 'बी-राम (जी)' प्रणाली में ऑनलाइन मास्टर रोल और हाजिरी दर्ज करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों की जानकारी दी और इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में विकासखंड पालमपुर की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधान, एसीबीपीओ विजय कुमार, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube