शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों का बिगुल बजते ही राजनीतिक हलचल चरम पर पहुँच गई है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के बल्देयां जिला परिषद वार्ड नंबर-18 से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ओम प्रकाश ने शुक्रवार को शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भारी संख्या में समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वे शिमला ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुँचे और अपना पर्चा भरा।
कैबिनेट मंत्री के करीबी और पूर्व प्रधान का अनुभव
राजनीतिक हलकों में ओम प्रकाश को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। उनके चुनावी मैदान में उतरने से बल्देयां वार्ड का मुकाबला काफी अहम और हाई-प्रोफाइल हो गया है।
ओम प्रकाश के पास जमीनी स्तर पर कार्य करने का लंबा अनुभव है और वे पूर्व में ग्राम पंचायत प्रधान के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नामांकन के दौरान स्थानीय लोगों की भारी मौजूदगी उनके मजबूत जनाधार की ओर इशारा कर रही है।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए ओम प्रकाश ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने कहा, यदि जनता मुझे सेवा का मौका देती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी, शुद्ध पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने कसुम्पटी के विकास में कांग्रेस सरकार की नीतियों को घर-घर पहुँचाने का संकल्प भी दोहराया।
जनता से मांगा आशीर्वाद
ओम प्रकाश ने क्षेत्र की जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे विकास के उन नए आयामों को बल्देयां वार्ड में लाना चाहते हैं, जिनकी यहाँ लंबे समय से दरकार है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता उनके पिछले ट्रैक रिकॉर्ड और कांग्रेस की विकासोन्मुख विचारधारा पर मुहर लगाएगी।