मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

बैंक बचाने की कवायद, शेयरहोल्डर्स पहुंचे सांसद सुरेश कश्यप के पास

सार

बाघट बैंक के वित्तीय संकट पर शेयरहोल्डर्स की आवाज़, सांसद सुरेश कश्यप से मिले प्रतिनिधिमंडल।

2 मिनट
बैंक बचाने की कवायद, शेयरहोल्डर्स पहुंचे सांसद सुरेश कश्यप के पास

सोलन

बाघट बैंक में जारी वित्तीय संकट और लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर बैंक के डायरेक्टर सुंदर सिंह ठाकुर की अगुवाई में शेयरहोल्डर्स और अकाउंट होल्डर्स का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सांसद सुरेश कश्यप से मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने बैंक से जुड़े हजारों लोगों की परेशानियों को सांसद के समक्ष रखते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।प्रतिनिधियों ने बताया कि बैंक से जुड़े 11,000 शेयरहोल्डर्स और 80,000 अकाउंट होल्डर्स कई महीनों से गंभीर वित्तीय कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।

कई खाताधारकों की जमा पूंजी फंसी हुई है और प्रबंधन की ओर से समाधान के ठोस प्रयास न होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सांसद सुरेश कश्यप ने पूरा मुद्दा ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि वह मामले को केंद्रीय सहकारिता मंत्री और वित्त मंत्री के समक्ष उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि आम जनता की बचत सुरक्षित रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाधान के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

रबोन क्षेत्र के लिए फ्लाईओवर निर्माण की मांग : इसी दौरान रबोन क्षेत्र का एक अन्य प्रतिनिधिमंडल भी सांसद कश्यप से मिला। उन्होंने स्थानीय फोर-लेन मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सड़क पार करने में स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सांसद कश्यप ने तुरंत प्रोजेक्ट डायरेक्टर से इस विषय पर बातचीत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फ्लाईओवर प्रस्ताव पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

दिशा समिति की बैठक में विकास मुद्दों पर चर्चा : सांसद ने यह भी बताया कि आज बाद में होने वाली दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को सार्वजनिक किया जाएगा। स्थानीय जनता बैंक संकट के शीघ्र समाधान और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।

इस खबर को शेयर करें