मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

नूरपुर के छात्रों का NSS कैंप में शानदार प्रदर्शन

सार

NSS कैंप में छात्रों ने अपने स्कूल का नाम रोशन किया है।

2 मिनट
नूरपुर के छात्रों का NSS कैंप में शानदार प्रदर्शन

नूरपुर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला की प्रिंसिपल सुनीता सागर ने बताया, कि स्कूल में हर वर्ष NSS के माध्यम से सिविल कैंप आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष स्कूल से प्रमोट हुए बच्चों का कैंप बाबा बड़ोंह में आयोजित किया गया, जहां स्कूल के दो छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इनमें से छात्र सूरज कौशल ने अपनी उत्कृष्ट भागीदारी के दम पर स्टेट लेवल कैंप के लिए चयन हासिल किया है। यह उपलब्धि न सिर्फ स्कूल के लिए बल्कि पूरे आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात बन गई है।

प्रिंसिपल सुनीता सागर ने कहा कि, स्कूल से स्टेट लेवल तक पहुंचना किसी भी बच्चे के लिए बड़ी उपलब्धि है, और सूरज का चयन अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

वहीं NSS कोच रूपलाल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया, कि 15 दिसंबर के बाद स्टेट लेवल का कैंप उन्ना में आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शिमला में होने वाली 26 जनवरी की परेड में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह किसी भी विद्यार्थी के लिए एक अत्यंत सम्मानजनक उपलब्धि मानी जाती है।

कोच रूपलाल ने बताया कि, इस बार स्कूल के दोनों बच्चों का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्हें उम्मीद है कि स्टेट लेवल कैंप में भी बच्चे अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाएंगे। स्कूल प्रबंधन ने सूरज कौशल और दूसरे प्रतिभागी छात्र को शुभकामनाएं दी हैं, और उम्मीद जताई है कि आने वाले कैंप में भी वे स्कूल का नाम ऊंचा करेंगे।

इस खबर को शेयर करें