नूरपुर
हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध सौदागरों के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नूरपुर पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा (CIA) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 1.345 किलोग्राम (1 किलो 345 ग्राम) उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में कांगड़ा जिला के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम को इलाके में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप की तस्करी को लेकर पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी।
इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हरड़ पुल (हंदोराघराट) के समीप रणनीतिक नाकाबंदी की। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार (HP-40A-7048) को जांच के लिए रोका गया।
स्वतंत्र गवाहों को मौके पर शामिल कर जब कार की नियमानुसार गहन तलाशी ली गई, तो चालक सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक काले रंग का प्लास्टिक लिफाफा मिला, जिसे खोलने पर 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार को कब्जे में लेकर मौके पर ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय अश्वनी कुमार (निवासी भाली, तहसील जवाली, कांगड़ा) और 29 वर्षीय सुनील राणा उर्फ ईशु (निवासी सहवां, तहसील शाहपुर, कांगड़ा) के रूप में हुई है।
नूरपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी ने बताया कि पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि इस अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के मुख्य स्रोतों तक पहुंचा जा सके।