नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। सीआईए नूरपुर की टीम ने गुप्त एवं विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कंडवाल क्षेत्र के पास एक व्यक्ति को 15.18 ग्राम चिट्टा (हेरॉइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनिल शर्मा पुत्र रमेश शर्मा, निवासी मकान नंबर 23, काली घनूपुर शिहर्ता, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को नागनी माता मंदिर सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया।
कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।