नूरपुर
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में तीन बड़ी कामयाबियां हासिल हुई हैं। पुलिस और सीआईए (CIA) की टीमों ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर नाकेबंदी और छापेमारी कर कुल छह आरोपियों को दबोचने में सफलता पाई है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चरस, चिट्टा (हेरोइन) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ऑल्टो कार बरामद की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चक्की पुल कंडवाल: कार सवार चंबा के 4 युवक चिट्टे के साथ धरे
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 3 जून की सुबह करीब 7:25 बजे पुलिस टीम ने चक्की पुल कंडवाल के पास नियमित चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था।
इसी दौरान पंजाब की तरफ से आ रही एक काले रंग की ऑल्टो कार (HP73A-1965) को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसके भीतर से 4.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने कार को तुरंत जब्त कर उसमें सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान: दरवेश नाथ (निवासी चुकरासा), कमलेश कुमार (निवासी करियां), नितिन सिंह (निवासी गुरार) और विकास कुमार (निवासी करियां) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी जिला चंबा के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ नूरपुर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
नियाद बस स्टॉप: सीआईए टीम ने 512 ग्राम चरस के साथ दबोचा
नूरपुर पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने दूसरी बड़ी सफलता बस स्टॉप नियाद (नूरपुर) के पास हासिल की। यहाँ टीम ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके बैग से 512 ग्राम चरस की खेप बरामद हुई।
आरोपी की पहचान: आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रमेश चंद पुत्र भगत राम, निवासी गांव डोभी (उपतहसील साहू, जिला चंबा) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी चरस की यह बड़ी खेप कहाँ से लाया था और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
मथोली: शिव मंदिर के पास ज्वाली का युवक 6.82 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई में भी सीआईए टीम ने मथोली स्थित शिव मंदिर के समीप चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध हालात में दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.82 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान: आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सूरज पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव जैसर (तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा) के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस: एसपी
नूरपुर के एसपी कुलभूषण वर्मा ने साफ तौर पर कहा कि पुलिस महज इन गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहेगी। इन सभी मामलों में नशीले पदार्थों के मुख्य स्रोत (सप्लायर) और इस नेटवर्क के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि नूरपुर जिला में नशा माफिया को पूरी तरह नेस्तनाबूत किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
नूरपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि आपके आस-पास कोई भी व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखती है, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।