लोहारपुरा गांव में छत से टपक रहा पानी, परिवार बरामदे में गुजार रहा रात; पूर्व सैनिक ने दी 10 हजार रुपये की सहायता
कांगड़ा जिले के विकास खंड नूरपुर की ग्राम पंचायत लोहारपुरा के वार्ड नंबर-3 में रहने वाली बुजुर्ग महिला सुदेश कुमारी ने अपने जर्जर मकान की मरम्मत और सहायता के लिए सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की छत से पानी टपक रहा है और घर कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि परिवार को मजबूरी में बरामदे में रात बितानी पड़ रही है।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पा रही मकान की मरम्मत
सुदेश कुमारी के तीनों बेटे दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार जर्जर मकान की मरम्मत करवाने में सक्षम नहीं है।
परिवार के पास शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बारिश के मौसम में परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व सैनिक ने बढ़ाया मदद का हाथ
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार ज्योति मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवीय पहल करते हुए परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और परिवार को अपने घर में रहने का प्रस्ताव भी दिया।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं मिली मदद
पीड़ित महिला सुदेश कुमारी ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों से सहायता की मांग की, लेकिन अभी तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।
उन्होंने कहा कि कई पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि उनका परिवार आज भी टूटे-फूटे मकान में रहने को मजबूर है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जल्द सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की।
पंचायत ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
ग्राम पंचायत लोहारपुरा की प्रधान सपना देवी ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी हाल ही में मिली है। वह जल्द ही परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लेंगी और पंचायत स्तर पर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास करेंगी।
उप प्रधान बलविंदर सिंह जौनू ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और इस मामले की जानकारी स्थानीय विधायक को भी दी गई है।
उन्होंने बताया कि परिवार का सर्वे पटवारी और पंचायत सचिव के माध्यम से करवाया गया था, लेकिन किसी कारणवश मकान निर्माण अनुदान का लाभ नहीं मिल पाया।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की मांग
सेवानिवृत्त सूबेदार ज्योति ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को सरकारी आवास योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आवास सहायता पाने वाले लाभार्थियों की पात्रता की भी जांच की जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
बारिश के बीच असुरक्षित मकान में रह रहे इस परिवार को लेकर स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube