एक साल से गिरने की कगार पर है पुराना मकान, ग्रामीणों ने चेताया- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
हमीरपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव लाहलड़ी में एक जर्जर मकान पिछले एक साल से ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। मकान कभी भी गिर सकता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों में डर का माहौल बना हुआ है।
गत दिवस भी मकान के एक हिस्से से मलबा गिरने के बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई। इसके बाद बुधवार को ग्रामीणों ने एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द मकान को गिराने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस जर्जर मकान को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे मजबूर होकर प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि मकान के कारण दोनों रास्तों से आवाजाही करने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। लोगों को हर दिन खतरे के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार, इस पुराने मकान को कुछ वर्ष पहले सरकाघाट निवासी एक व्यक्ति ने खरीदा था। ग्रामीणों ने कई बार मकान की खराब स्थिति के बारे में जानकारी दी, लेकिन अभी तक इसे गिराने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
रिटायर्ड प्रिंसिपल कमलेश पटियाल ने बताया कि गांव लाहलड़ी में दोनों रास्तों के बीच स्थित यह पुराना मकान लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द कार्रवाई की जाए।
नगर निगम और प्रशासन को पहले भी दी गई थी सूचना
सेना से सेवानिवृत्त अनिल कुमार ने बताया कि 7 जून 2025 को ग्रामीणों ने नगर निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर मकान से पैदा हो रहे खतरे की जानकारी दी थी।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले मकान मालिक को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जनवरी माह में भी ग्रामीणों ने दोबारा शिकायत कर प्रशासन को स्थिति से अवगत करवाया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन अभी तक इस मामले में आगे की कार्रवाई नहीं हो पाई है।
लोगों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर मकान कभी भी बड़ा हादसा कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी दुर्घटना से पहले ही आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube