गेयटी थिएटर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन, सीएम सुक्खू निजी कारणों से कार्यक्रम में नहीं पहुंचे; बीजेपी के सवालों पर भी गोमा ने दी प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी शामिल होना था, लेकिन निजी कारणों के चलते वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार आयुर्वेद को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद को लेकर लोगों की जागरूकता बढ़ी है और लोग इसे अपना भी रहे हैं। गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं आयुर्वेदिक उपचार लेते हैं और लोगों को भी आयुर्वेद अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री के नए कार्यालय पर बीजेपी के सवालों का जवाब
कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नए कार्यालय को लेकर बीजेपी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यालय सरकार की संपत्ति है और यह राज्य की संपत्ति है। उन्होंने कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री इस कार्यालय को अपने साथ घर लेकर नहीं जाएगा।
बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा के बयान पर तंज कसते हुए गोमा ने कहा कि सुधीर शर्मा भले ही इस तरह की बातें कर रहे हों, लेकिन बीजेपी में खुद उनका अलग गुट चल रहा है और वह गुटबाजी से जूझ रहे हैं। गोमा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय पर चाहे जितना भी पैसा खर्च हुआ हो, यह सुधीर शर्मा के घर से कम ही पैसा खर्च होगा।
गोमा और सुधीर शर्मा के बीच बयानबाजी चर्चा में
गौरतलब है कि सुधीर शर्मा और यादविंदर गोमा के बीच पहले करीबी संबंध रहे हैं। सुधीर शर्मा के कांग्रेस में रहने के दौरान दोनों के निजी संबंध भी रहे। हालांकि, अब दोनों नेता एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले करते नजर आ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच जारी बयानबाजी चर्चा का विषय बनी हुई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube