एसडीएम की अगुवाई में नगर परिषद, पुलिस और NHAI की संयुक्त कार्रवाई; अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों से हुआ हंगामा
जिला मुख्यालय नाहन में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीएम नाहन की अगुवाई में गठित संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों और बेतरतीब ढंग से लगाई गई रेहड़ी-फड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखा सामान जब्त किया गया और अवैध ढांचों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शहर में लगातार अवैध कब्जे करने वालों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन कब्जे नहीं हटाए गए।
इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम में एसडीएम नाहन की अगुवाई में नगर परिषद, स्थानीय पुलिस और नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) की संयुक्त टीम शामिल रही। सड़क किनारे अवैध रूप से सामान रखने और रेहड़ी-फड़ी लगाने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी के मद्देनजर प्रशासन ने वार्ड नंबर 13 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के अलग-अलग स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को स्थानीय दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मौके पर तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया।
माहौल गर्माता देख पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और बीच-बचाव किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया और कानून व्यवस्था बनाए रखी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई और अवैध कब्जों को हटा दिया गया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube