ऊना।
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज अपने गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली को एक और बड़ी सौगात दी। उन्होंने जल शक्ति विभाग द्वारा 12 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित अत्याधुनिक विश्राम गृह (Rest House) का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जल शक्ति विभाग के आला अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जल शक्ति विभाग का यह विश्राम गृह आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का बेजोड़ संगम है। चार मंजिला इस भवन में वीवीआईपी (VVIP) सेट के साथ-साथ कई सुविधाजनक कमरे बनाए गए हैं।
विश्राम गृह में एक विशेष गैलरी बनाई गई है, जहाँ तस्वीरों के माध्यम से जल शक्ति विभाग द्वारा क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। डिप्टी सीएम ने इस भवन को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों को बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एक समय था जब हरोली को पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था और यहाँ पानी की भारी किल्लत थी। लेकिन आज हरोली की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। हमने सिंचाई योजनाओं को केवल कागजों पर स्वीकृत नहीं किया, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा है। आज हरोली के हर घर और हर खेत तक पानी पहुँचाने का संकल्प पूरा हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र की पानी की समस्या को स्थाई रूप से हल करने के लिए बीबीएमबी से पानी उठाने की अनुमति केंद्र सरकार से मिल चुकी है। हरोली में दर्जनों नए ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं। अब बीबीएमबी के पानी का उपयोग कर हरोली और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।