मंडी।
सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित एक विशाल प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने सरकार पर 'हिमकेयर' (HIMCARE) योजना को सोची-समझी साजिश के तहत बंद करने और जनता को गुमराह करने के लिए "घोटालों की झूठी कहानियां" गढ़ने का आरोप लगाया।
जयराम ठाकुर ने आईजीएमसी (IGMC) शिमला के संदर्भ में मुख्यमंत्री के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार झूठ बोलने की सारी हदें पार कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "हमारी सरकार के समय IGMC में हिमकेयर के तहत कुल 60 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है।
अब मुख्यमंत्री सुक्खू वहाँ 120 करोड़ का घोटाला निकाल लाए हैं। सवाल यह है कि जब भुगतान ही 60 करोड़ का हुआ, तो घोटाला दुगना कैसे हो सकता है?" उन्होंने याद दिलाया कि पहले सरकार ने विधानसभा में 1100 करोड़ के घोटाले की बात कही थी, लेकिन जब भाजपा ने तथ्य रखे कि पूरी सरकार के दौरान कुल इलाज ही 441 करोड़ का हुआ है, तो मुख्यमंत्री ने अपनी गलती मान ली।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गरीब जनता के लिए वरदान साबित हुई हिमकेयर योजना को बंद करना चाहती है। सुक्खू सरकार हिमकेयर को बंद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इसी वजह से बार-बार आंकड़े बदलकर जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है ताकि इस जनहितैषी योजना को बदनाम कर रोका जा सके।
दर्शन के दौरान उन्होंने कांग्रेस की 10 गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। सराज के बालीचौकी में जुटे कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि अब वह समय आ गया है जब जनता इस सरकार के "झूठ के साम्राज्य" को उखाड़ फेंकेगी।