मंडी।
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के सौर घाटी, टकोली में आज वीरवार, 9 अप्रैल 2026 को सियासी सरगर्मियां तेज रहीं। स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित 'सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन' और 'प्रदेश सरकार विरोधी धरना प्रदर्शन' में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
इस दौरान विधायक ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों और वादाखिलाफी के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता को लुभाने के लिए कांग्रेस ने 10 बड़ी गारंटियों का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इनमें से एक भी गारंटी जमीन पर पूरी होती नहीं दिख रही है।
प्रदेश की जनता आज अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सरकार गारंटियां पूरी करने के बजाय केवल वादाखिलाफी में जुटी है। विकास कार्य ठप हैं और जनता के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। — पूर्ण चंद ठाकुर, विधायक द्रंग
विधायक ने टकोली में उपस्थित सक्रिय कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे चुप न बैठें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गाँव-गाँव जाकर सरकार की असफलताओं का पर्दाफाश करें। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की बात कही और कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों के लिए जोश भरा।
सम्मेलन के साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से जनहित के मुद्दों पर जवाब मांगा। इस दौरान सौर घाटी और टकोली क्षेत्र के स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे यह आयोजन एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में नजर आया।