मंडी I
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक सौतेले पिता द्वारा अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दो बार दुष्कर्म करने की वारदात उजागर हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को स्कूल में अचानक शारीरिक कष्ट हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा जब स्कूल में थी, तो उसे अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। छात्रा की हालत देख स्कूल की शिक्षिका ने उससे विश्वास में लेकर पूछताछ की। पहले तो बच्ची सहमी रही, लेकिन बाद में उसने आपबीती सुनाई। शिक्षिका ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उसकी जांच करवाई और पुलिस को सूचित किया।
पीड़िता ने बताया कि उसके सौतेले पिता ने घर पर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया और उसे डराया-धमकाया। शिक्षिका की शिकायत पर मंडी पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), धारा 6 और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा ताकि उसका पुलिस रिमांड हासिल किया जा सके।
इसी कड़ी में प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र से भी एक और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहाँ एक 26 वर्षीय युवती जब अपने सेब के बाग में गाय दोहने गई थी, तो गांव शलोग के एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की।
घटना के वक्त युवती का भाई मौके पर पहुँच गया, जिसे देख आरोपी फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू, मदन लाल कौशल ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।