चम्बा I
जिला चम्बा के तुन्नुहट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आते जंद्राह गांव में एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जंद्राह गांव की एक युवती ने अपने ही घर में जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। बताया जा रहा है कि युवती अपने रिश्तेदारों के व्यवहार से मानसिक रूप से बेहद परेशान थी।
जहर खाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी, तो उसे तुरंत चुवाड़ी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच की और घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की शीशी के साथ-साथ एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। यह सुसाइड नोट युवती ने अपनी स्कूल की नोटबुक में लिखा था। इसके अलावा, युवती के मोबाइल फोन से भी ऐसे संकेत मिले हैं जो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की पुष्टि करते हैं।
मृतका के पिता द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है युवती का चाचा, युवती की चाची, युवती का चचेरा भाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ये तीनों आरोपी पिछले काफी समय से युवती के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार कर रहे थे, जिससे तंग आकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
एसपी चम्बा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उन्हें पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।