मंडी I
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में हुए कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बेटी को खोने के गम और इंसाफ के इंतजार में तड़प रही सिया की माँ रक्षा देवी का स्वास्थ्य गंभीर रूप से बिगड़ गया है। वहीं, पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विकास पटियाल पर शिकंजा कसते हुए उसकी मानसिक स्थिति की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेटी की हत्या के बाद से ही रक्षा देवी गहरे सदमे में हैं। वे बार-बार बेसुध हो रही हैं और केवल अपनी बेटी का नाम पुकार रही हैं। रक्षा देवी पहले से ही हृदय रोग (Heart Disease) से ग्रसित हैं।
मंगलवार को उनकी छाती में दर्द और स्वास्थ्य में गिरावट को देखते हुए परिजन उन्हें तुरंत IGMC शिमला ले गए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी आँखों के आँसू सूख चुके हैं और वे अपनी सुध-बुध खो चुकी हैं।
इधर, न्यायिक हिरासत में चल रहे मुख्य आरोपी विकास पटियाल को लेकर भी बड़ी कार्रवाई की गई है। जेल प्रशासन और पुलिस ने आरोपी के असामान्य व्यवहार को देखते हुए उसे जोनल अस्पताल मंडी में मनोचिकित्सक (Psychiatrist) के पास भेजा।
चिकित्सीय जांच में पुष्टि हुई है कि विकास पटियाल नशीले पदार्थों के सेवन का आदी है। विशेषज्ञों की राय के बाद जेल के भीतर ही उसका उपचार शुरू कर दिया गया है, ताकि वह कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए मानसिक रूप से फिट रह सके।
सरकाघाट के नैण गांव की रहने वाली कॉलेज छात्रा सिया की कुछ दिन पहले दराट से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। आरोपी विकास पटियाल ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ में वह कभी हत्या का कारण 'गुस्सा' बताता है तो कभी 'नशे की सनक'। पुलिस अब इस मामले की चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
मंडी पुलिस अधीक्षक (SP) के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम सीन रिक्रिएशन भी किया गया है। हालांकि, पुलिस को अभी भी आरोपी के खून से सने कपड़ों (हुड) की तलाश है, जिसे उसने कहीं छिपा दिया है।