मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

मंडी में बाबा भूतनाथ का 'सुरेश्वर महादेव' रूप में श्रृंगार वासुकी नाग की तपस्थली का दिखा वैभव, उमड़ा भक्तों का सैलाब

सार

मंडी जनपद के आराध्य देव बाबा भूतनाथ के दरबार में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों के तहत चल रहे एक माह के 'मक्खन श्रृंगार' (घृत कंबल) उत्सव में आज भगवान शिव के एक और अलौकिक रूप के दर्शन हुए।

2 मिनट
मंडी में बाबा भूतनाथ का 'सुरेश्वर महादेव' रूप में श्रृंगार वासुकी नाग की तपस्थली का दिखा वैभव, उमड़ा भक्तों का सैलाब

मंडी: मंडी जनपद के आराध्य देव बाबा भूतनाथ के दरबार में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों के तहत चल रहे एक माह के 'मक्खन श्रृंगार' (घृत कंबल) उत्सव में आज भगवान शिव के एक और अलौकिक रूप के दर्शन हुए। शुक्रवार को बाबा भूतनाथ के स्वयंभू शिवलिंग पर सुरेश्वर महादेव (रांची, झारखंड) का भव्य स्वरूप उकेरा गया।

बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने इस स्वरूप की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सुरेश्वर महादेव का इतिहास अत्यंत प्राचीन और पौराणिक है। मान्यताओं के अनुसार, नागों के राजा वासुकी नाग ने इसी स्थान पर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए घोर तपस्या की थी।

वासुकी नाग की भक्ति से प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें दर्शन दिए थे, जिसके बाद से यह स्थान सुरेश्वर महादेव के नाम से विख्यात हुआ।

परंपरा के अनुसार, आज प्रातः काल की आरती के बाद दर्जनों किलो ताजे मक्खन से बाबा भूतनाथ का श्रृंगार किया गया। इस विशेष कलाकृति में भगवान शिव के सौम्य रूप के साथ वासुकी नाग की उपस्थिति को भी दर्शाया गया है। इस दिव्य रूप को निहारने के लिए कड़ाके की ठंड के बावजूद तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।

महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि शिवरात्रि से एक माह पूर्व शुरू होने वाली यह 'तारा रात्रि' की परंपरा करीब 500 वर्षों से अनवरत चली आ रही है। इस दौरान प्रतिदिन बाबा भूतनाथ को देश के विभिन्न प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों और शक्तिपीठों के रूप में सजाया जाता है।

इसका मुख्य उद्देश्य भक्तों को मंडी में ही देश भर के प्राचीन मंदिरों के इतिहास और उनकी महिमा से अवगत कराना है।

इस खबर के विषय

  • Baba Bhutnath
  • International Shivratri Festival
  • Sureshwar Mahadev
  • Hindu festival
  • temple rituals
  • devotees

इस खबर को शेयर करें