विधायक विवेक शर्मा ने सड़क चौड़ीकरण और नवीनीकरण कार्य का किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक विवेक शर्मा ने शुक्रवार को लाठियाणी-कोहडरा सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का मौके पर निरीक्षण किया।
विधायक लोक निर्माण विभाग बंगाणा के अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क की मौजूदा स्थिति, प्रस्तावित निर्माण कार्य तथा गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि लाठियाणी-कोहडरा सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पहली किस्त के रूप में तीन करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक टेस्टिंग और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही इसका शिलान्यास करवाकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाठियाणी-कोहडरा सड़क क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग है।
सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को तय मानकों के अनुसार पूरा किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और मौके पर मौजूद संबंधित ठेकेदार को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube