मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

हिमाचल के बागवानों पर अस्तित्व का संकट, FTA और आयात शुल्क कटौती पर केंद्र के खिलाफ बरसे किसान नेता कौशल मुंगटा

सार

हिमाचल प्रदेश की ₹6000 करोड़ की सेब आर्थिकी पर विदेशी सेब के बढ़ते साये ने बागवानों की नींद उड़ा दी है।

2 मिनट
हिमाचल के बागवानों पर अस्तित्व का संकट, FTA और आयात शुल्क कटौती पर केंद्र के खिलाफ बरसे किसान नेता कौशल मुंगटा

शिमला, 30 जनवरी 2026:

हिमाचल प्रदेश की ₹6000 करोड़ की सेब आर्थिकी पर विदेशी सेब के बढ़ते साये ने बागवानों की नींद उड़ा दी है। किसान नेता और शिमला जिला बागवानी एवं कृषि समिति के अध्यक्ष कौशल मुंगटा ने केंद्र सरकार की व्यापारिक नीतियों को बागवानों के लिए "डेथ वारंट" करार दिया है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र ने विदेशी सेब के आयात पर लगाम नहीं लगाई, तो हिमाचल का बागवान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगा।

कौशल मुंगटा ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और अब यूरोपीय देशों से आने वाले सेब पर आयात शुल्क में की गई 30% तक की भारी कटौती पर गहरा रोष व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा केंद्र सरकार दूसरे क्षेत्रों में लाभ कमाने के लिए हिमाचल के बागवानों को 'बलि का बकरा' बना रही है। न्यूज़ीलैंड और यूरोपीय देशों से सेब का आयात उस समय होता है जब भारत का अपना सेब बाजार में आता है या कोल्ड स्टोर से बाहर निकलता है।

ऐसे में विदेशी सेब को रियायत देना सीधे तौर पर स्थानीय बागवानों की कमर तोड़ने जैसा है। केंद्र ने यूरोपीय सेब पर ड्यूटी 50% से घटाकर 20% करने का निर्णय लिया है। इसी तरह न्यूज़ीलैंड के सेब पर भी शुल्क 25% तक सीमित किया जा रहा है।

विदेशी सेब अत्यधिक सब्सिडी वाला और मशीनीकृत खेती से तैयार होता है, जबकि हिमाचल का बागवान महंगी खाद, कीटनाशकों और प्रतिकूल मौसम की मार झेल रहा है।बागवानों की लंबे समय से मांग है कि विदेशी सेब को 'लग्जरी आइटम' की श्रेणी में रखकर इस पर 100% आयात शुल्क लगाया जाए, ताकि स्थानीय फसल को संरक्षण मिल सके।

मुंगटा ने आरोप लगाया कि एक तरफ केंद्र सरकार 'आत्मनिर्भर भारत' और 'किसानों की आय दोगुनी' करने के नारे देती है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे समझौतों पर हस्ताक्षर कर रही है जिससे पहाड़ी राज्यों— हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर— के लाखों परिवारों की आजीविका खतरे में पड़ गई है।

किसान नेता ने कहा कि यदि आगामी केंद्रीय बजट (2026-27) में बागवानों को राहत नहीं मिली और आयात शुल्क को पुन: बहाल नहीं किया गया, तो प्रदेश के तमाम बागवान संगठन एकजुट होकर दिल्ली की सड़कों पर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष मजबूती से उठाएं।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें