कांगड़ा।
जिला कांगड़ा के ढलियारा में एक बार फिर एक वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। ढलियारा बाजार से ठीक पहले स्थित एक खतरनाक मोड़ पर शुक्रवार को घरेलू सामान से लदा एक पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और पलट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।
ब्रेक फेल होना बना हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, ट्राले में राजस्थान से जम्मू ट्रांसफर हुए एक केंद्रीय कर्मचारी का घरेलू सामान लदा हुआ था। चालक ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उसने ढलियारा के पास तीखा मोड़ काटा, अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया।
ब्रेक फेल होने के कारण वाहन पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गया और इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, ट्राला सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ा और पलट गया।
चालक सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राले का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और लदा हुआ सामान सड़क किनारे बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की कार्रवाई
एएसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मौके पर पहुँच गई थी और मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि ढलियारा जैसे ढलान वाले और तीखे मोड़ों पर अपने वाहनों की गति नियंत्रित रखें और समय-समय पर मैकेनिकल जाँच करवाते रहें।