मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के युवाओं को गुमराह करने से पहले राहुल गांधी को हिमाचल में पुलिस भर्ती घोटाले और सामूहिक नकल के मामलों पर अपनी ही सरकार से जवाब मांगना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।
मंडी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी नीट परीक्षा को लेकर अभियान चला रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में सबसे अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए थे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल और सीसीटीवी कैमरे बंद करने जैसी गंभीर शिकायतें सामने आईं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षा से जुड़ा मामला सामने आने पर तुरंत सीबीआई जांच सौंपी गई थी। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीबीआई की सिफारिशों के बावजूद वर्तमान सरकार ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की, बल्कि उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती और पदोन्नति तक दी गई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार नीट से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और देश के युवाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर ही उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने शिमला में एक स्कूल संचालिका की हत्या का मामला उठाते हुए कहा कि महिला ने पहले ही अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाई थी, लेकिन उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधियों में पुलिस का डर समाप्त होता जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुरक्षा और विकास के मुद्दों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने और राजनीतिक प्रबंधन में अधिक व्यस्त हैं, जबकि आम जनता कानून व्यवस्था और अन्य समस्याओं से जूझ रही है।
इससे पहले उन्होंने भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भाग लिया, जहां संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम मंडी के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों के साथ विशेष संवाद भी हुआ, जिसमें राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार भी उपस्थित रहे।