ऊना:
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। ऊना स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पार्टी के राज्यस्तरीय शिविर में भाग लेने पहुंचे जयराम ठाकुर ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस मूल रूप से कलह की ही पार्टी है
और यही कारण है कि इसमें हर समय आपसी फूट और कलह का माहौल बना रहता है।
'अपना घर संभालने की नसीहत नहीं मानी, अब परिणाम सामने है'
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू को घेरते हुए कहा कि अतीत में जब भी मुख्यमंत्री कांग्रेस की अंदरूनी कलह को लेकर भाजपा पर टिप्पणियां करते थे, तब उन्हें भाजपा की ओर से अपना घर संभालने की नसीहत दी जाती थी।
लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया और आज नतीजा सबके सामने है। सुक्खू जब कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब भी वह अपनी पार्टी नहीं बल्कि एक गुट चलाते थे। आज जब वह मुख्यमंत्री हैं, तब भी वह प्रदेश की सरकार नहीं, बल्कि अपना एक गुट ही चला रहे हैं।
कांग्रेस में गुटों की गिनती करना भी असंभव: ठाकुर
प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान पर कहा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार मुख्यमंत्री और सरकार के कामकाज के तौर-तरीकों के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं।
हाल ही में कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष ने बेहद तीखे शब्दों में अपनी ही सरकार के सामने अपनी बात रखी है। इस आंतरिक विरोध के बीच कांग्रेस में इतने धड़े और गुट बन चुके हैं कि अब उनकी गिनती करना भी मुश्किल हो गया है।
'नशेड़ी' वाले बयान पर सुक्खू से मांगा स्पष्टीकरण
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री द्वारा अपनी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता पर की गई टिप्पणी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कांग्रेस के जो नेता लंबे समय तक पार्टी के उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं, उन्हें अब मुख्यमंत्री द्वारा 'नशेड़ी' कहा जा रहा है।
यह एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाला आरोप है। सवाल यह उठता है कि जो नेता इतने समय तक वरिष्ठ पद पर रहा, वह अचानक आज नशेड़ी कैसे हो गया? जयराम ठाकुर ने मांग की है कि मुख्यमंत्री सुक्खू को इस संवेदनशील मुद्दे पर जनता और अपनी पार्टी के सामने अपनी स्थिति तुरंत स्पष्ट करनी चाहिए।