पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र सराज के दौरे के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। मंडी जिले के छतरी में उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को रोकना सरकार का विकास विरोधी निर्णय है।
उनका कहना था कि यदि पंचायत चुनाव समय पर करवा दिए जाते, तो आज ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य तेज गति से चल रहे होते।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आपदा का हवाला देकर चुनाव टाल दिए, लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी राहत और पुनर्निर्माण के कार्य धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में सड़कें अब भी मलबे से भरी हुई हैं, पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हैं और बिजली व्यवस्था तक पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि नदी-नालों पर पुलिया निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को कठिन रास्तों से पैदल आवागमन करना पड़ रहा है, जो सरकार की लापरवाही को दर्शाता है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार से सहायता मिलने के बावजूद पंचायत स्तर पर काम ठप पड़े हैं और सरकार की मंशा पर अब न्यायालय भी सवाल उठा चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता केवल सुख का साधन बन गई है, जबकि भाजपा इसे सेवा का माध्यम मानती है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का नारा देने वाली सरकार प्रदेश को ‘व्यवस्था पतन’ की ओर ले जा रही है और उसका ध्यान केवल अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने तक सीमित है।
इस दौरान उन्होंने छतरी कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में भी भाग लिया और क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दूरदराज के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भटकना न पड़े, इसी सोच के साथ कॉलेज और आईटीआई जैसे संस्थान स्थापित किए गए थे।
लेकिन वर्तमान सरकार ने आईटीआई के कई ट्रेड कम कर दिए और कॉलेज को बंद करने का मसौदा तक तैयार कर लिया था।
उन्होंने तकनीकी शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत कर आईटीआई के खाली पड़े भवन के एक हिस्से में कॉलेज को शिफ्ट करने का सुझाव दिया, ताकि असुरक्षित घोषित किए गए वर्तमान परिसर से छात्रों को राहत मिल सके।
जयराम ठाकुर ने समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की और युवाओं को संघर्ष के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अपने प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक भी की और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह ही संगठन की असली ताकत है और पार्टी जनसेवा के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।