हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे को लेकर तीखे हमले किए हैं। राणा ने दिल्ली के एक निजी होटल में मुख्यमंत्री के रुकने और उनके आधिकारिक कार्यक्रम में हुए अचानक बदलाव को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने सीधे तौर पर सवाल उठाया है कि आखिर दिल्ली के रेडिसन होटल का कमरा नंबर 411 किसका था और वहां क्या खिचड़ी पक रही थी?
राजेंद्र राणा ने एक प्रेस बयान जारी कर मुख्यमंत्री के 2 और 3 मार्च के दिल्ली प्रवास का कच्चा चिट्ठा खोला। राणा के अनुसार आधिकारिक टूर प्रोग्राम के मुताबिक मुख्यमंत्री को 2 मार्च को शिमला पहुंचना था, लेकिन वह तय कार्यक्रम के बजाय अचानक दिल्ली के रेडिसन होटल पहुंच गए।
राणा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री करीब 23 घंटे तक उस होटल में रुके रहे। उन्होंने सवाल किया कि जब दिल्ली में हिमाचल भवन और हिमाचल सदन जैसी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध थीं, तो मुख्यमंत्री एक निजी होटल में क्यों ठहरे?
राणा ने दावा किया कि होटल का कमरा नंबर 411 किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक था, जिसमें मुख्यमंत्री रुके थे। उन्होंने पूछा कि राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले इस गुप्त कमरे में किन लोगों के साथ बैठकें हुईं?
राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता की कमी है। उन्होंने कहा राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले शेड्यूल से हटकर 23 घंटे तक चारदीवारी के भीतर गुप्त मुलाकातें करना कई शंकाओं को जन्म देता है।
इसकी गूंज दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय से लेकर केरल तक पहुंच चुकी है। यहां सिर्फ दाल में काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली नजर आ रही है।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में वह इस पूरे घटनाक्रम और 'डील' से जुड़े कई बड़े खुलासे जनता के सामने रखेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है कि वह बताएं कि उन 23 घंटों के दौरान वह किन-किन प्रभावशाली व्यक्तियों से मिले और उन मुलाकातों का वास्तविक उद्देश्य क्या था।