शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय में प्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में शिक्षा, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है।
शिक्षा विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी
बैठक का सबसे प्रमुख एजेंडा कम छात्र संख्या वाले शिक्षण संस्थानों का विलय (Merge) करना है। शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार
108 स्कूल होंगे मर्ज: ऐसे प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल जिनमें विद्यार्थियों की संख्या 5 से कम है, उन्हें नजदीकी स्कूलों में मिलाया जा सकता है।
11 कॉलेजों पर गाज: विभाग ने उन 11 कॉलेजों को भी मर्ज करने का प्रस्ताव दिया है जहां छात्रों की कुल संख्या 50 से कम है। सरकार का तर्क है कि इस कदम से संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
शिमला रोपवे प्रोजेक्ट का नया प्रस्ताव
राजधानी शिमला में यातायात की समस्या को कम करने के लिए तारादेवी से शिमला (13.79 किलोमीटर) तक प्रस्तावित रोपवे प्रोजेक्ट का नया प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से पर्यटन और स्थानीय परिवहन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
रिक्त पदों पर भर्ती और बजट घोषणाएं
बेरोजगार युवाओं के लिए भी यह बैठक राहत भरी हो सकती है, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के मामले पर चर्चा होगी। बजट भाषण 2026-27 में मुख्यमंत्री द्वारा की गई विभिन्न घोषणाओं को कैबिनेट की औपचारिक मंजूरी मिल सकती है।
स्थानीय निकाय चुनाव पर मंथन
बैठक में प्रदेश की पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकायों के आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा संभावित है। सरकार चुनावों की तैयारियों और समयसीमा की समीक्षा कर सकती है।