कांगड़ा जिले के वरिष्ठ भाजपा विधायक पर करोड़ों की संपत्ति जुटाने का आरोप, विजिलेंस ने आय के स्रोत, बैंक खातों और निवेश की जांच शुरू की।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक वरिष्ठ भाजपा विधायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजिलेंस ब्यूरो ने मामला दर्ज किया है। विजिलेंस ने धर्मशाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न एजेंसियों से विधायक की संपत्तियों का मूल्यांकन करवाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि विधायक ने अपनी आय से अधिक करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है।
संपत्तियों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू
विजिलेंस जांच में विधायक की आय के स्रोत, बैंक खातों, निवेश, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, विधायक के आवास और अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन विभिन्न विभागों और एजेंसियों से करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से भी संपत्तियों की मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार की गई है। इसके आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
राजनीतिक मायने निकाले जा रहे
यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि संबंधित विधायक के प्रदेश सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर मतभेद रहे हैं। ऐसे में इस कार्रवाई के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों, तथ्यों और जांच प्रक्रिया के आधार पर की जा रही है।
दस्तावेज जुटाने में जुटी विजिलेंस
सूत्रों के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद विजिलेंस ब्यूरो अब विधायक की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जुटाने की तैयारी कर रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विजिलेंस की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube