मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

हिमाचल में स्मार्ट मीटर का 'करंट': चैलचौक में दवाई विक्रेता को थमाया 92,746 रुपये का बिजली बिल, उड़े होश

सार

हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट मीटरों को लेकर चल रहे कड़े विरोध के बीच मंडी जिले के चैलचौक से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

2 मिनट
हिमाचल में स्मार्ट मीटर का 'करंट': चैलचौक में दवाई विक्रेता को थमाया 92,746 रुपये का बिजली बिल, उड़े होश

मंडी

हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट मीटरों को लेकर चल रहे कड़े विरोध के बीच मंडी जिले के चैलचौक से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मेडिकल स्टोर संचालक को स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहला ही बिल 92,746 रुपये का थमा दिया गया है। इतनी भारी-भरकम राशि देखकर न केवल दुकानदार, बल्कि पूरे क्षेत्र के व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है।

400 रुपये से सीधे 92 हजार पार

सटखन गांव के निवासी सुनील कुमार (सुनील मेडिकल स्टोर, चैलचौक) पिछले कई वर्षों से अपनी दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर उनकी दुकान का मासिक बिजली बिल 400 रुपये के आसपास आता था। लेकिन जैसे ही विभाग ने पुराना मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाया, आंकड़ों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

आधी रात को आया 'खर्च' का मैसेज

सुनील कुमार ने बताया कि रात के समय उनके मोबाइल पर बिजली बिल का टेक्स्ट मैसेज प्राप्त हुआ। सुबह जब उन्होंने 'गूगल पे' (Google Pay) पर नोटिफिकेशन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। बिल की राशि 92,746 रुपये दर्शाई गई थी। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि दुकान में बिजली की खपत पहले की तरह ही सामान्य है, ऐसे में इतनी बड़ी राशि का बिल आना समझ से परे है।

विभाग से जांच की मांग

इस घटना के बाद चैलचौक बाजार के अन्य व्यापारियों में भी भारी चिंता देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ रहे हैं और तकनीकी खामियों के चलते गलत बिलिंग हो रही है।

सुनील कुमार ने बिजली विभाग से बिल की तुरंत जांच करने, मीटर रीडिंग की दोबारा पुष्टि करने और इस तकनीकी त्रुटि को सुधारने की मांग की है। आज होली उत्सव के चलते सरकारी अवकाश होने के कारण विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया है।

क्या कहता है विभाग?

फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने जल्द इस 'फर्जी' बिल को दुरुस्त नहीं किया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब देखना यह होगा कि वर्किंग डे शुरू होते ही विभाग इस तकनीकी खामी को कैसे सुधारता है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें