कांगड़ा में दो दिन स्कूल बंद, चंबा में भूस्खलन का खतरा, सरकार ने संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के दिए निर्देश।
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 और 21 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं ऊना, हमीरपुर, शिमला और सोलन में ऑरेंज अलर्ट तथा बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश सरकार ने सभी जिला प्रशासन को नदी-नालों के किनारे स्थित संवेदनशील मकानों को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से भी मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
किन्नौर में बाढ़ से बेली ब्रिज बहा
किन्नौर जिले में छितकुल से आगे रानीकंडा के पास दुंबर खड्ड में अचानक आई बाढ़ के कारण करीब 110 फीट लंबा बेली ब्रिज बह गया। इसके चलते छितकुल-दुमती मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
कांगड़ा में दो दिन स्कूल बंद, उड़ानें भी रद्द
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कांगड़ा जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। खराब मौसम के कारण दिल्ली और नोएडा से कांगड़ा आने वाली चार उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। इसके अलावा राजा का तालाब क्षेत्र में एक कच्चा मकान ढह गया, जबकि सहौड़ा में एक भवन को नुकसान पहुंचा है।
चंबा में मणिमहेश यात्रा तीन दिन के लिए स्थगित
लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चंबा प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर तीन दिनों के लिए अस्थायी रोक लगा दी है। हड़सर में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं हड़सर-कुगती मार्ग पर धनोल के पास भूस्खलन के कारण कार्तिक स्वामी मंदिर से लौट रहे लगभग 200 श्रद्धालु करीब नौ घंटे तक फंसे रहे। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई घंटों तक बाधित रहा।
चुराह क्षेत्र में तेज बहाव के कारण चांजू-3 जलविद्युत परियोजना की निर्माण सामग्री बह गई, जबकि चरड़ा क्षेत्र में वन निगम के करोड़ों रुपये मूल्य के स्लीपर भी बाढ़ की चपेट में आ गए।
लाहौल में बढ़ा चिनाब नदी का जलस्तर
लाहौल में लगातार बारिश के चलते चिनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इसके कारण जोबरंग पुल शनिवार रात से रविवार सुबह तक लगभग तीन फीट पानी में डूबा रहा। वहीं शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और सिरमौर जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सरकार की लोगों से अपील
प्रदेश सरकार ने नागरिकों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सरकार का कहना है कि सतर्कता और समय पर एहतियात बरतकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube