मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

'गौशाला की जमीन सरकार ने ली वापस', गऊ कल्याण सभा जाहू ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सार

गऊ कल्याण सभा जाहू का एक प्रतिनिधिमंडल आज उपायुक्त (DC) हमीरपुर से मिला और गौशाला की छीनी गई भूमि को वापस दिलाने की गुहार लगाई।

2 मिनट
'गौशाला की जमीन सरकार ने ली वापस', गऊ कल्याण सभा जाहू ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

हमीरपुर

गऊ कल्याण सभा जाहू का एक प्रतिनिधिमंडल आज उपायुक्त (DC) हमीरपुर से मिला और गौशाला की छीनी गई भूमि को वापस दिलाने की गुहार लगाई। सभा का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के गौशाला के नाम दर्ज जमीन का एक बड़ा हिस्सा सरकार के नाम कर दिया है, जिससे बेसहारा गोवंश के रखरखाव में भारी संकट पैदा हो गया है।

सभा के अध्यक्ष रतन चंद शर्मा ने बताया कि जाहू गौशाला के पास पहले 23 कनाल 10 मरले भूमि उपलब्ध थी। लेकिन 13 जून 2025 को राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव करते हुए 14 कनाल 7 मरले जमीन बिना किसी नोटिस के सरकार के नाम दर्ज कर दी गई।

अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि अब उनके पास मात्र 4 कनाल भूमि शेष रह गई है, जिसमें वर्तमान में करीब 250 गायें रखी गई हैं। जगह की भारी कमी के कारण पशुओं को उठने-बैठने और खुले में घूमने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि 14 कनाल 7 मरले भूमि पुनः गौशाला को आवंटित की जाए। सभा के सदस्यों का कहना है यदि जमीन वापस मिलती है, तो 100 से 200 अतिरिक्त पशुओं के लिए नए शेड बनाए जा सकते हैं। अतिरिक्त जगह होने पर जाहू और आसपास की सड़कों पर घूम रहे लावारिस बैलों को भी गौशाला में आश्रय दिया जा सकेगा।

सभा के सदस्य रामलाल भारद्वाज ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा प्रति गाय 1200 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार जताते हुए कहा कि चारे और आहार की व्यवस्था तो हो रही है, लेकिन जमीन की कमी एक बड़ी बाधा बन गई है। उन्होंने मांग की कि गौशाला को सुदृढ़ करने के लिए भूमि का स्वामित्व लौटाया जाना अनिवार्य है।

इस खबर के विषय

  • गौशाला
  • land reclamation
  • Gau Kalyan Sabha
  • Deputy Commissioner
  • livestock welfare
  • government action

इस खबर को शेयर करें