बिलासपुर
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में घुमारवीं पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम पंचायत बाड़ी मझेडवां के बड्डू गांव में हाल ही में पकड़े गए चिट्टा (हेरोइन) मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से धर दबोचा है।
अमृतसर का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान आकाशदीप, निवासी मंडियाला, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर घुमारवीं लाया गया। इस पूरी कार्रवाई को एसआई प्रदीप सेन के नेतृत्व वाली टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मार्च में हुआ था मामले का खुलासा
उल्लेखनीय है कि 21 मार्च 2026 को पुलिस ने बड्डू गांव में रेड की थी, जहाँ से 14.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। उस समय पुलिस ने मौके से दो स्थानीय व्यक्तियों—अश्विनी कुमार (बड्डू) और राकेश कुमार (बाड़ी मझेड़वां)—को गिरफ्तार किया था। इन दोनों से कड़ी पूछताछ के दौरान ही अमृतसर निवासी आकाशदीप का नाम मुख्य सप्लायर के तौर पर सामने आया था।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हिमाचल प्रदेश के किन-किन क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में पंजाब और हिमाचल के कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान जीरो टॉलरेंस की नीति पर जारी रहेगा। मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी है और इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। — विशाल वर्मा, डीएसपी घुमारवीं