मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

इंदौरा में बाढ़ से भारी नुकसान, विधायक मलेन्दर ने सदन में मजबूती से उठाई आवाज

सार

शीतकालीन सत्र के दौरान इंदौरा के विधायक मलेन्दर राजन ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से हुए बड़े नुकसान को सदन में बेहद प्रभावी ढंग से उठाया।

1 मिनट
इंदौरा में बाढ़ से भारी नुकसान, विधायक मलेन्दर ने सदन में मजबूती से उठाई आवाज

शीतकालीन सत्र के दौरान इंदौरा के विधायक मलेन्दर राजन ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से हुए बड़े नुकसान को सदन में बेहद प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और इस वर्ष आई भीषण बाढ़ ने इंदौरा को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

चाहे पानी पौंग बांध से छोड़ा गया हो या स्थानीय खड्डों का बहाव शहर की ओर मुड़ने से आई बाढ़—दोनों ही परिस्थितियों में हालात बेहद भयावह रहे। पानी कई घरों में घुस गया और लोगों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।

ईश्वर की कृपा रही कि पानी दिन के समय आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानों, घरों और छोटे व्यापारियों को सामान के नुकसान ने आर्थिक हालात कमजोर कर दिए।

विधायक ने बताया कि बाढ़ का असर केवल घरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सड़कों, पुलों और बगीचों को भी व्यापक क्षति पहुंची है। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों की मांगों को प्राथमिकता से सामने रखते हुए सरकार से राहत, पुनर्वास और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की त्वरित मरम्मत की मांग की।

मलेन्दर राजन ने कहा कि इंदौरा की जनता लंबे समय से राहत पैकेज और ठोस कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है, ऐसे में सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

इस खबर को शेयर करें