हमीरपुर।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के ओपीएस संबंधी बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा यदि दोबारा सत्ता में आती है तो पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बंद कर देगी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा और उसके नेताओं के पास ओपीएस को लेकर कोई स्पष्ट नीति या जवाब नहीं है। जोलसप्पड़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों से किया गया वादा निभाते हुए ओपीएस बहाल की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति में और सुधार होने पर अन्य वर्गों के कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने की संभावनाओं पर सरकार विचार करेगी।
जयराम किस नींद में हैं, पता नहीं : सुक्खू
जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि जयराम ठाकुर किस नींद में हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय भी प्रदेश की कई जिला परिषदों में भाजपा का नियंत्रण था, लेकिन विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आम लोगों की सरकार है और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में मनरेगा और सेना भर्ती जैसी व्यवस्थाओं को कमजोर करने का काम किया।
बिना प्रक्रिया के नहीं मिलता केंद्र का बजट
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बजट संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से कोई भी राशि बिना निर्धारित प्रक्रिया और हिसाब-किताब के जारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि राज्यों को टाइड फंडिंग व्यवस्था के तहत बजट मिलता है और इसमें कोई नई बात नहीं है। सुक्खू ने कहा कि केंद्र से मिलने वाली हर सहायता तय नियमों और शर्तों के अनुसार ही जारी की जाती है।