एचपीएसईडीसी के माध्यम से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, विदेश में कार्यरत हिमाचली युवाओं की सुरक्षा के लिए बनेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म
शिमला। हिमाचल प्रदेश के युवाओं को विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए
हैं। शुक्रवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाषा कौशल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर वेतन वाले रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही राज्य सरकार विदेशों में कार्यरत हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित कर रही है, जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विदेशों में रोजगार के नए अवसर तलाश रही है ताकि युवाओं को सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित कार्य वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि एचपीएसईडीसी को भर्ती एजेंसी का लाइसेंस प्राप्त हो चुका है, जिससे विदेशी रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण प्रभावी निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाए।
इसके अलावा जनजातीय विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) से संबंधित मामलों की स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Himachal Pradesh, CM Sukhu, Sukhvinder Singh Sukhu, Foreign Language Courses, Overseas Employment, Himachal Youth, HPSEDC, Foreign Jobs, Skill Development, Employment Opportunities, Digital Platform, Labour and Employment Department, Chief Minister Dashboard, Government Scheme,
Himachal News, Jobs Abroad, Foreign Language Training, Youth Employment, Latest Himachal News, Overseas Career
follow us on facebook
subscribe to us on youtube