बाबा बालक नाथ डिग्री कॉलेज की छात्रा के 25 अंक बढ़े, सीजीपीए 8.82 पहुंचा; सोहारी की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के री-इवैल्यूएशन परिणाम में बाबा बालक नाथ डिग्री कॉलेज की छात्रा बिपाशा कुमारी ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए कला संकाय की प्रदेश स्तरीय टॉप-10 मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है।
बिपाशा मूल रूप से सोहारी की निवासी हैं और उनकी इस सफलता से परिवार, महाविद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रारंभिक परिणाम में बिपाशा ने कुल 2400 अंकों में से 2013 अंक प्राप्त किए थे।
इसके बाद उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया। पुनर्मूल्यांकन के परिणाम में उनके अंक बढ़कर 2038 हो गए, जिसके चलते उन्होंने कला संकाय की मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही उनका सीजीपीए बढ़कर 8.82 हो गया। बिपाशा के पिता स्वयं शिक्षक हैं और अब बेटी भी शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि अच्छे संस्कार, मेहनत और समर्पण सफलता की मजबूत नींव होते हैं।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने बिपाशा कुमारी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह बाबा बालक नाथ डिग्री कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रा के माता-पिता को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग का ही परिणाम है कि बिपाशा ने प्रदेश स्तर पर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube