भारी बारिश से तडोली और सुल्तानपुर नाले उफान पर आए। उदयपुर, घोलटी, नवोदय मार्ग और भरियाड समेत कई क्षेत्रों में भारी नुकसान, कई परिवारों ने एहतियातन घर खाली किए।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार रात हुई तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ और नाले उफान पर आ गए। इससे कई घरों, दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि इस आपदा में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
उदयपुर, घोलटी, नवोदय मार्ग और भरियाड क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहे। भारी भूस्खलन के चलते बड़ी मात्रा में मलबा सड़कों और रिहायशी इलाकों में आ गया। मलबे की चपेट में आने से करीब 12 वाहन दब गए। इनमें निजी कारें, मालवाहक ट्रक, मोटरसाइकिल और स्कूटियां शामिल हैं।
उफान पर आए तडोली और सुल्तानपुर नाले
भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तडोली नाला तेज बारिश के बाद उफान पर आ गया। तेज बहाव अपने साथ बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा लेकर आया, जिससे एक स्टोर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के कई घरों में भी मलबा घुसने से लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं सुल्तानपुर नाले के उफान ने भी स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज बहाव में कई बाइक और स्कूटियां बहकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
भरियाड गांव में बदला पानी का रुख
भरियाड गांव में बारिश के दौरान पानी का रुख अचानक बदल गया, जिससे मलबा सीधे कई घरों तक पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
कई परिवारों ने खाली किए घर
बारिश और नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कई परिवारों ने एहतियातन अपने घर खाली कर दिए। प्रभावित लोगों ने रात पड़ोसियों और सुरक्षित स्थानों पर बिताई। घरों में मलबा भर जाने से दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को अब सफाई तथा मरम्मत का काम करना पड़ेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube