शिमला।
सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पता चला है कि नकाबपोश शूटरों ने मनीषा मित्तल के सिर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CCTV में कैद हुई हत्या की पूरी वारदात
सामने आए फुटेज में दो नकाबपोश हमलावर अचानक मनीषा मित्तल के करीब पहुंचते हैं और उन पर गोलियां बरसा देते हैं। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने उनके सिर पर तीन गोलियां मारीं। इनमें से दो गोलियां सिर के आरपार निकल गईं, जबकि एक गोली पोस्टमार्टम के दौरान बरामद की गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोल भी बरामद किए हैं।
हरियाणा से गिरफ्तार हुए दोनों शूटर
मामले में शिमला पुलिस ने हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आशीष अहलावत (22) निवासी झज्जर और दीपक (25) निवासी रोहतक के रूप में हुई है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस उनसे हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड और साजिशकर्ताओं के बारे में पूछताछ कर रही है।
सुपारी किलिंग के एंगल से भी जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इसी कारण पुलिस इस हत्याकांड को सुपारी किलिंग, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों से जोड़कर भी जांच कर रही है।
हत्याकांड के दिन ही खत्म हुआ था प्रबंधन समिति का कार्यकाल
जांच के दौरान एक और अहम तथ्य सामने आया है। 13 जून को जिस दिन मनीषा मित्तल की हत्या हुई, उसी दिन स्कूल प्रबंधन समिति का तीन साल का कार्यकाल भी समाप्त हुआ था। यह समिति 14 जून 2023 को गठित हुई थी और इसके अध्यक्ष हिमांक मित्तल थे। कार्यकाल समाप्त होने और उसी दिन हत्या होने के घटनाक्रम को लेकर भी जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही हैं।
स्कूल का रिकॉर्ड खंगाल रहा प्रशासन
अभिभावकों की मांग पर जिला प्रशासन ने स्कूल को अपने नियंत्रण में ले लिया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को तीन दिन के भीतर सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड सौंपने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि स्कूल के प्रशासनिक और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच से मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
पुलिस की जांच पर टिकीं सबकी निगाहें
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों शूटरों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश किसने रची और इसके पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है। मनीषा मित्तल हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और अब सभी की निगाहें पुलिस जांच के अगले खुलासों पर टिकी हैं।