धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांत वादियों में लगातार बढ़ रहे अपराधों ने आम जनता को चिंतित कर दिया है और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विश्व चक्षु ने अपने बयान में कहा कि देवभूमि अब धीरे-धीरे ‘क्राइम ज़ोन’ में तब्दील होती जा रही है। उन्होंने सरकाघाट जैसे शांत क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई हत्या और चंबा में अवैध कटान रोकने गई वन विभाग की टीम पर हुए जानलेवा हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि इन घटनाओं ने प्रशासन के सुरक्षा संबंधी दावों की पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर नागरिक, विशेषकर महिलाएं और युवतियां, अपनी सुरक्षा को लेकर असमंजस और चिंता में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशा माफिया का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और सरेआम हो रही हिंसक घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति को कमजोर कर रही हैं। चंबा की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकारी कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं और उन पर हमले हो रहे हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा की कल्पना करना भी कठिन हो जाता है।
विश्व चक्षु ने राज्य सरकार से मांग की कि वह केवल आश्वासन देने के बजाय कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने के लिए त्वरित कार्रवाई और सशक्त पुलिसिंग बेहद जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ नहीं किया गया, तो प्रदेश की शांति और सांस्कृतिक पहचान को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है, जिसकी जिम्मेदारी वर्तमान सरकार पर होगी।
साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जनता और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी।