बिलासपुर।
जिला बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो महिलाओं ने एक निजी बस के परिचालक (कंडक्टर) की सरेआम चप्पलों और जूतों से पिटाई कर दी। इस घटना के दौरान बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और काफी समय तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने अब इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित परिचालक, जो कि सुमाड़ी (डाकघर लैहड़ी सरेल) का निवासी है, ने बताया कि जब वह बस स्टैंड पर मौजूद था, तब दो महिलाओं ने उसे अचानक रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि महिलाओं ने उसके साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उसे जूतों और चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे महिलाओं के चंगुल से छुड़ाया।
दूसरी ओर, मारपीट करने वाली महिला ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उक्त परिचालक काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। शिकायत के अनुसार, परिचालक उसे देखकर अश्लील इशारे करता था और अभद्र व्यवहार करता था, जिससे तंग आकर यह कदम उठाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी घुमारवीं ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सच्चाई का पता लगाने के लिए बस स्टैंड पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की मुख्य वजह क्या थी।