हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा के भाई और चाचा की मुश्किलें अवैध खनन मामले में और बढ़ गई हैं। हमीरपुर कोर्ट ने पुंग खड्ड स्थित महालक्ष्मी स्टोन क्रशर से जुड़े इस मामले में विधायक के भाई उमेश शर्मा और चाचा प्रवीण शर्मा को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इन दोनों के खिलाफ सुजानपुर पुलिस थाने में अवैध खनन को लेकर मामला दर्ज किया गया था। वीरवार को कोर्ट में पेशी के बाद सुजानपुर पुलिस को इनकी कस्टडी सौंपी गई है, ताकि मामले की गहन पूछताछ की जा सके।
यह कानूनी कार्रवाई उस समय प्रभावी हुई जब आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका को पहले हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 19 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद दो दिन पहले उन्होंने हमीरपुर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण
कर दिया। कोर्ट ने शुरुआत में उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेजा था, जिसे अब विस्तृत पूछताछ के लिए दो दिन और बढ़ा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि यह मामला 12 अगस्त 2025 को दर्ज हुआ था, जब पुलिस ने एएसपी राजेश उपाध्याय की अगुवाई में स्टोन क्रशर पर रेड की थी। इस दौरान पुलिस ने वहां से सीसीटीवी फुटेज और हार्ड डिस्क सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए थे।
पुलिस ने 27 नवंबर को हाई कोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश की थी, जिसके बाद साक्ष्यों की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने 15 दिसंबर को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अब पुलिस रिमांड के दौरान हार्ड डिस्क और फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर अवैध खनन के इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी।