घुमारवीं में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई, डिजिटल और वित्तीय जांच के जरिए पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र में एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कुल 232 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब नशा तस्करी के पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है।
बस में सवार युवक से 122 ग्राम चिट्टा बरामद
2 अगस्त को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मल्यावर के पास यातायात जांच के दौरान एक बस में सवार रूबल (30) निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के कब्जे से 122 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इस संबंध में थाना घुमारवीं में मामला संख्या 150/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो युवकों से 110 ग्राम चिट्टा बरामद
इसी दिन डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड, मन्दरीघाट के पास बस की जांच के दौरान नीरज कुमार (30) और विकास (27), दोनों निवासी डैहर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, के कब्जे से 110 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घुमारवीं में मामला संख्या 151/26 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले मामले की जांच में स्थानीय सप्लायर भी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि 1 अगस्त को थाना घुमारवीं में दर्ज मुकदमा संख्या 149/26 में रामू (21) निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को 8.72 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला कि यह खेप प्रतीक चौहान (29) निवासी मोरर्सिंघी, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर को दी जानी थी, जो इसे स्थानीय स्तर पर बेचने वाला था। पुलिस ने प्रतीक चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पहले से दर्ज हैं चार एनडीपीएस मामले
जांच में सामने आया है कि प्रतीक चौहान के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि दोनों मामलों में बरामद 232 ग्राम चिट्टे के स्रोत और सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क को कानून के दायरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी रखेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube