मंडी।
भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा है कि एक ओर वैश्विक संकट और युद्ध जैसे हालातों के बीच केंद्र की सरकार आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठा रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर नए-नए कर थोपकर उनकी परेशानियां बढ़ाने का काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती कर देशवासियों को बड़ी राहत दी है।
एक्साइज ड्यूटी पेट्रोल पर 13 रुपए घटाकर 3 रुपए और डीजल पर 10 रुपए घटाकर 0 करके केंद्र ने यह स्पष्ट किया है कि वह कठिन समय में जनता के साथ खड़ी है। इस निर्णय से परिवहन लागत कम होने और महंगाई पर नियंत्रण की उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पेट्रोल और डीजल पर ₹5 प्रति लीटर तक अतिरिक्त बोझ डालने का फैसला कर रही है , जो पूरी तरह से जनविरोधी है। इस फैसले से प्रदेश में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंचने की आशंका है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
अजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं और बढ़ते कर्ज को छिपाने के लिए सेस के माध्यम से जनता से वसूली कर रही है बजट से साफ है कि सरकार आर्थिक प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर माल ढुलाई पर पड़ेगा, जिससे किसानों, बागवानों और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ेगी।
साथ ही पर्यटन क्षेत्र भी प्रभावित होगा, क्योंकि टैक्सी और बस किराए में बढ़ोतरी तय है।अजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित गारंटियां अब जनता के लिए बोझ बन चुकी हैं।
प्रदेश की जनता पहले ही आर्थिक दबाव झेल रही है, और ऐसे में यह अतिरिक्त कर मध्यम वर्ग और गरीबों की कमर तोड़ देगा।अजय ठाकुर ने प्रदेश सरकार से इस जनविरोधी निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की है और कहा कि भाजपा हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।