ऊना में पत्रकारवार्ता कर कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने केंद्र की रोजगार नीतियों पर उठाए सवाल, रिक्त पद भरने की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने गुरुवार को ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाते हुए रोजगार के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान की शुरुआत की।
ऊना विश्राम गृह में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान का पोस्टर और वीडियो लॉन्च किया।
इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन शिव सिंह रैनी और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय भी मौजूद रहे। अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में युवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी रोजगार के अवसरों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बावजूद रोजगार नहीं मिलना युवाओं के सामने एक बड़ा सवाल बन गया है।
अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन इन पदों को समयबद्ध तरीके से भरने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, सरकारी विभागों में खाली पदों को मिशन मोड में भरने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता में आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध करवाने के वादे किए गए थे। अब युवा कांग्रेस इन वादों के संदर्भ में यह सवाल उठा रही है कि रोजगार के अवसरों में कितना विस्तार हुआ है और वर्तमान में देश के युवाओं की स्थिति क्या है।
युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पदों को जल्द भरा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों और भर्ती अभियानों के साथ-साथ नियमित सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान के माध्यम से युवाओं की रोजगार संबंधी चिंताओं और उनके सवालों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए रिक्त पदों को नियमित रूप से भरने की व्यवस्था होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने कहा कि उच्च शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। पत्रकारवार्ता के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube