नूरपुर सिविल अस्पताल की एमएस डॉ. अनुपमा शर्मा ने दी सलाह, बुखार लगातार रहने पर खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से करें परामर्श
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
नूरपुर सिविल अस्पताल की एमएस डॉ. अनुपमा शर्मा ने बताया कि सर्दियों के मौसम में सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ जाते हैं। कई वायरल संक्रमणों में बुखार लगभग एक सप्ताह तक बना रह सकता है। हालांकि, उचित चिकित्सकीय सलाह और जरूरी दवाइयों के इस्तेमाल से मरीज धीरे-धीरे स्वस्थ हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ वायरल संक्रमणों की जांच अस्पताल में नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होती। ऐसे मामलों में मरीजों के सैंपल आवश्यक जांच के लिए बाहर की प्रयोगशाला में भेजे जाते हैं, ताकि बीमारी की सही पहचान कर उसके अनुसार उपचार किया जा सके।
डॉ. अनुपमा शर्मा ने कहा कि सर्दियों में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इस मौसम में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए परिवार के सदस्यों को उनकी सेहत को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से गर्म कपड़े पहनने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, पौष्टिक भोजन लेने और पर्याप्त आराम करने की अपील की।
उन्होंने सलाह दी कि यदि बुखार या अन्य लक्षण लगातार बने रहते हैं तो खुद से दवाइयां लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श करें। मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतकर और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेकर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube