ऊना
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा में रिश्तों और सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रखने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ रायपुर मैदान क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत महिला शिक्षिका ने तीन लोगों पर स्कूल परिसर में घुसकर धमकाने और स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में रोककर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल परिसर में अभद्र व्यवहार
राजकीय प्राथमिक पाठशाला चुरड़ी में कार्यरत शिक्षिका पुष्पा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी ड्यूटी पर तैनात थीं, तभी उनके पड़ोसी रमेश चंद, राकेश कुमार और कमलेश देवी स्कूल पहुँच गए।
आरोप है कि इन तीनों ने स्कूल परिसर के भीतर ही शिक्षिका के साथ गाली-गलौज की और जमीन विवाद को लेकर तीखी बहस शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने स्कूल के प्रिंसिपल के सामने भी शिक्षिका को अपमानित किया और उन्हें नौकरी से निकलवाने तक की धमकी दे डाली।
रास्ते में घेरा और किए थप्पड़ों के वार
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ; वारदात उस समय और गंभीर हो गई जब दोपहर को छुट्टी के बाद पुष्पा देवी अपने बेटे के साथ घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में तीनों आरोपियों ने उनका रास्ता रोका और उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी कमलेश देवी ने शिक्षिका की पिटाई की और उन्हें थप्पड़ भी मारे। मौके पर मौजूद रजनी नामक महिला ने बीच-बचाव कर शिक्षिका को उनके चंगुल से छुड़ाया। पीड़िता के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है।
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं
बंगाणा पुलिस ने शिक्षिका की शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस घटना की गहनता से जांच कर रही है और कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई
अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मौके के साक्ष्य और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है।