ऊना।
जिला ऊना पुलिस ने 30 मार्च की रात को हुई चोरी की दो अलग-अलग वारदातों को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की मुस्तैदी के चलते ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी करने वाले आरोपी को होशियारपुर से और अस्पताल से लग्जरी कार उड़ाने वाले आरोपी को हरियाणा के महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।
हरौली थाना के अंतर्गत 30 मार्च की रात को एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया गया था। शातिर चोर दुकान से गहने और नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऊना ने विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पंजाब के होशियारपुर से धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर ली गई है।
दूसरी घटना ऊना थाना के तहत एक निजी अस्पताल की है, जहाँ से एक महंगी कार चोरी हुई थी। इस मामले में ऊना पुलिस ने राजस्थान और हरियाणा पुलिस के साथ संपर्क साधा।संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी को हरियाणा के महेंद्रगढ़ से चोरी की गई कार के साथ गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला है कि इस शातिर ने एक मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके लिए वहां भी मामला दर्ज है। पुलिस ने गाड़ी से नकद राशि भी बरामद की है।
ऊना पुलिस की एक टीम अब महेंद्रगढ़ (हरियाणा) रवाना हो गई है ताकि कार चोरी के आरोपी की कस्टडी लेकर उसे ऊना लाया जा सके और गहन पूछताछ की जा सके। हमारी टीमों ने कड़ी मेहनत कर दोनों ही मामलों में आरोपियों को ट्रेस किया है।
एक आरोपी होशियारपुर से पकड़ा गया है, जबकि कार चोरी का आरोपी हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पुलिस की गिरफ्त में है। चोरी किया गया सामान और गाड़ी बरामद कर ली गई है। — सचिन हीरामठ, एसपी ऊना