बिलासपुर I
नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत स्वाहन के भुवाई गांव में शनिवार को चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का अत्यंत उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। यूथ क्लब भुवाई द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चमन सिंह ठाकुर ने किया, जबकि जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान मुख्य अतिथि के रूप
में उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चमन सिंह ठाकुर ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं, मुख्य अतिथि मान सिंह धीमान ने ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन जरिया हैं। उन्होंने क्लब को आश्वासन दिया कि भविष्य में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर प्रदान की जाएगी।
क्लब के प्रधान जसवीर सिंह ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना और उन्हें खेलों के प्रति जागरूक करना है। यह प्रतियोगिता 5 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
टूर्नामेंट के सफल संचालन में रवि ठाकुर, शेर सिंह, सुरजीत सिंह और ईशान ठाकुर सहित क्लब के अन्य सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।