मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

सुजानपुर सिविल अस्पताल की पार्किंग में डॉक्टर की कार से चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

सार

सुजानपुर शहर में चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में चोरों ने सिविल अस्पताल सुजानपुर की सुरक्षित मानी जाने वाली पार्किंग को निशाना बनाया है।

2 मिनट
सुजानपुर सिविल अस्पताल की पार्किंग में डॉक्टर की कार से चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

सुजानपुर: सुजानपुर शहर में चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में चोरों ने सिविल अस्पताल सुजानपुर की सुरक्षित मानी जाने वाली पार्किंग को निशाना बनाया है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अकुला शर्मा की गाड़ी का लॉक तोड़कर अज्ञात चोर ने सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर अकुला शर्मा 6 दिसंबर को रात्रि ड्यूटी पर तैनात थीं। उन्होंने अपनी कार (नंबर HP 55-3690) को हमेशा की तरह अस्पताल की पार्किंग में खड़ा किया था। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि रात करीब 1:00 बजे एक नकाबपोश युवक पार्किंग में दाखिल हुआ। उसने बड़ी ही चालाकी से कार के शीशे की स्ट्रिप हटाकर दरवाजे को अनलॉक किया और भीतर प्रवेश कर गया।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। वह हाथ में टॉर्च लेकर बेखौफ होकर गाड़ी की तलाशी लेता रहा। पहले चोर अगली सीट पर बैठा और डैशबोर्ड व आगे रखे सामान को समेटा।

इसके बाद वह पीछे की सीट पर गया और वहां रखे सामान को भी गायब कर दिया। डॉक्टर को घटना का पता सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद चला, जब उन्होंने गाड़ी के दरवाजे को क्षतिग्रस्त पाया।

डॉक्टर अकुला शर्मा ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) डॉक्टर पंकज और सुजानपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

हमें शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।

इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि कुछ दिन पहले ही सुजानपुर में एक महिला पर तेजधार हथियार से हमला करने वाला नकाबपोश युवक भी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लोगों का मानना है कि पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें