सोलन।
जिला पुलिस सोलन की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए रबोन बाईपास पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार से चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।
गुप्त सूचना पर रबोन बाईपास पर नाकाबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रबोन बाईपास पर नाका लगाया और एक स्विफ्ट डिजायर कार को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो युवकों के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है। अंकुश उर्फ बिन्नी (26 वर्ष) पुत्र रामेश्वर ठाकुर, निवासी गांव कोहरी, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन। जतिन कुमार (30 वर्ष) पुत्र सीता राम, निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन।
पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि: चोरी और नशे के मामले
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पहले भी कई संगीन वारदातों में संलिप्त रहे हैं:
जतिन कुमार: इसके विरुद्ध चोरी के कुल 06 मामले दर्ज हैं (थाना कंडाघाट में 4, धर्मपुर में 1 और सदर सोलन में 1)।
अंकुश उर्फ बिन्नी: इसके खिलाफ पहले भी चिट्टा/हेरोइन तस्करी का एक मामला दर्ज है।
3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल
पुलिस थाना सदर सोलन में आरोपियों के खिलाफ NDPS अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला (FIR No. 75/2026) पंजीकृत किया गया है। आज, 23 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 03 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।