सोलन I
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत आने वाले गाँव खील जाशली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सामाजिक संस्था 'अर्थ हीलर्स फाउंडेशन' की संस्थापक डॉ. प्रिया सकलानी ने प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया है कि उन पर और उनकी टीम पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। डॉ. सकलानी ने अब मुख्यमंत्री और प्रदेश के डीजीपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्रेस वार्ता में डॉ. प्रिया सकलानी ने खुलासा किया कि कल जब वह अपनी टीम के साथ गाँव में थीं, तब कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी को बीच रास्ते में रोककर उन्हें घेर लिया।
हमलावरों ने गाड़ी की खिड़कियाँ तोड़ने और टीम को शारीरिक नुकसान पहुँचाने की कोशिश की। डॉ. सकलानी के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने से उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही थीं, जो अंततः इस हमले में तब्दील हो गईं।
डॉ. सकलानी ने इस हमले को सुनियोजित बताते हुए इसके पीछे कई प्रभावशाली समूहों का हाथ होने का दावा किया है। उनके मुख्य आरोप है संस्था पिछले लंबे समय से इलाके में 'चिट्टा विरोधी' अभियान चला रही है और पुलिस को नशा तस्करों की जानकारी दे रही है। गाँव में हो रहे बेनामी लेनदेन, धारा 118 के उल्लंघन और अवैध होमस्टे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण वे निशाने पर हैं।
संस्था ढाई वर्षों से अपशिष्ट प्रबंधन, वन संरक्षण और स्वच्छ पेयजल जैसे मुद्दों पर काम कर रही है, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के हितों को चोट पहुँच रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।